ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनापटना व मुजफ्फरपुर बनेंगे स्मार्ट सिटी, तत्काल मिलेंगे 100-100 करोड़

पटना व मुजफ्फरपुर बनेंगे स्मार्ट सिटी, तत्काल मिलेंगे 100-100 करोड़

राज्य की राजधानी पटना और मुजफ्फरपुर केन्द्र की स्मार्ट सिटी योजना में शामिल हो गया है। लेकिन बिहारशरीफ इस प्रतिस्पर्धा में सफल नहीं हो सका। अब बिहारशरीफ के लिए राज्य सरकार को केन्द्र की अगली सूची का...

पटना व मुजफ्फरपुर बनेंगे स्मार्ट सिटी, तत्काल मिलेंगे 100-100 करोड़
हिन्दुस्तान ब्यूरो ,पटना Sat, 24 Jun 2017 02:11 AM
ऐप पर पढ़ें

राज्य की राजधानी पटना और मुजफ्फरपुर केन्द्र की स्मार्ट सिटी योजना में शामिल हो गया है। लेकिन बिहारशरीफ इस प्रतिस्पर्धा में सफल नहीं हो सका। अब बिहारशरीफ के लिए राज्य सरकार को केन्द्र की अगली सूची का इंतजार करना होगा। सूची में पटना पांचवें और मुजफ्फरपुर सातवें स्थान पर है।

इसी के साथ राज्य में बनने वाली स्मार्ट सिटी की संख्या तीन हो गई। भागलपुर पहली सूची में ही शामिल कर लिया गया था। केन्द्र सरकार ने शुक्रवार को स्मार्ट सिटी की नई सूची जारी कर दी। सूची में देशभर के 30 शहरों को शामिल किया गया है। उसमें बिहार के दो शहर पटना और मुजफ्फरपुर शामिल हैं। बिहार सरकार ने केन्द्र सरकार के पास स्मार्ट सिटी के लिए तीन शहरों की सूची भेजी थी। लेकिन बिहारशरीफ का नाम नई सूची में भी नहीं है। 
सौ-सौ करोड़ मिलेंगे तत्काल 
राज्य के दो शहरों का नाम नई सूची में शामिल हो जाने से अब तत्काल चार सौ करोड़ रुपये इनके विकास के लिए मिल जाएंगे। केन्द्र सभी स्मार्ट सिटी को विकसित करने के लिए सौ-सौ करोड़ देगा। इतनी ही राशि राज्य सरकार को देनी होगी। इसके अलावा केंद्र व राज्य सरकार की ओर से पांच साल तक सौ-सौ करोड़ मिलेंगे।  
देशभर में 90 शहरों का हो चुका है चयन
केन्द्र सरकार ने दो साल पहले देश के सौ शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की थी। अब तक कुल मिलाकर स्मार्ट सिटी के लिए देशभर में 90 शहरों का चयन हुआ है। दस शहरों की सूची अभी और जारी होगी। राज्य सरकार को उम्मीद है कि उन दस शहरों की सूची में बिहारशरीफ का नाम भी शामिल हो जाएगा। 
देश के बीस शहरों में दस के लिए कड़ी स्पर्धा 
जिन दस शहरों का अभी चयन होना है उनमें देशभर के 20 शहर शामलि हैं। इनके बीच कड़ी स्पर्धा है।  बिहार के लिए खुशी की बात है कि उस प्रतिस्पर्धा में बिहारशरीफ भी शामिल है। अन्य शहरों में ईंटानगर (अरुणाचल प्रदेश), दीव (दमन और दीव), सिल्वासा (दादर व नागर हवेली), कवारत्ती (लक्षद्वीप), नवलम मुंबई, ग्रेटर मुंबई और अमरावती (महाराष्ट्र), इंफाल (मणिपुर), शिलांग (मेघालय) , डिंडीगुल और ईरोड (तमिलनाडु), विधान नगर, दुर्गापुर और हल्दिया (पश्चिम बंगाल), मेरठ, रायबरेली, गाजियाबाद, शरणपुर और रामपुर (यूपी) शामिल हैं। 

स्मार्ट सिटी की राशि दस गुना बढ़ाये केन्द्र : मंत्री
पटना। नगर विकास मंत्री महेश्वर हजारी ने स्मार्ट सिटी में पटना और मुजफ्फरपुर को शामिल करने के लिए केन्द्र सरकार को धन्यवाद दिया है। साथ ही इसके लिए दी जानी वाली राशि को दस गुना बढ़ाने की मांग भी की है। 
मंत्री ने कहा है कि वर्तमान में जो वित्त प्रबंधन केन्द्र सरकार द्वारा किया गया है, उसमें स्मार्ट सिटी योजना को पूरा करना संभव नहीं लगता है। उन्होंने कहा कि पटना के लिए मास्टर प्लान पहले ही बन गया है। उसमें बहुत छेड़छाड़ नहीं किया जा सकता है, लेकिन उसे ही और सुन्दर बनाया जाएगा।  


 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें