ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनानीतीश का वादा:शपथ के बाद बोले,बिहार के लोगों के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा

नीतीश का वादा:शपथ के बाद बोले,बिहार के लोगों के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के लोगों ने जो अवसर दिया है, अपनी क्षमता के अनुरूप अबतक हमने सेवा करने की कोशिश की है। आगे भी उसी राह पर चलकर लोगों की सेवा और उनकी खिदमत करते रहेंगे। गुरुवार...

नीतीश का वादा:शपथ के बाद बोले,बिहार के लोगों के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा
हिन्दुस्तान ब्यूरो,पटनाFri, 28 Jul 2017 04:40 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के लोगों ने जो अवसर दिया है, अपनी क्षमता के अनुरूप अबतक हमने सेवा करने की कोशिश की है। आगे भी उसी राह पर चलकर लोगों की सेवा और उनकी खिदमत करते रहेंगे। गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद वे राजभवन परिसर में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि न्याय के साथ बिहार की तरक्की के लिए हमसब लोगों ने मिलकर यह निर्णय लिया है। बिहार के लोगों को मैं अश्वस्त करूंगा कि मेरी प्रतिबद्धता उनके प्रति है। 

  • नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी ने ली शपथ
  • सीएम बोले- बिहार के लोगों के प्रति मेरी प्रतिबद्धता

नीतीश कुमार और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी को राजभवन के राजेन्द्र मंडप में राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने शपथ दिलायी। सुशील मोदी ने मंत्री के रूप में शपथ ली। नीतीश कुमार ने छठी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पहली बार उन्होंने तीन मार्च 2000 को मुख्यमंत्री की शपथ ली थी और सात दिनों तक ही इस कुर्सी पर रहे। इसके बाद वे नवंबर 2005 में मुख्यमंत्री बने और पांच साल तक का कार्यकाल पूरा किये। तीसरी बार 26 नवंबर 2010, चौथी बार 22 फरवरी 2015 और पांचवीं बार 20 नवंबर 2015 को उन्होंने मुख्यमंत्री की शपथ ली थी। 


राहुल पर किया पलटवार

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार किया कि हम सबका जवाब बढ़िया से देंगे। गौरतलब हो कि राहुल गांधी ने कहा है कि भारत की राजनीति में यही समस्या है। अपनी कुर्सी के लिए लोग कोई भी समझौता कर लेते हैं। 


आज विश्वास मत हासिल करेंगे 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद एक अणे मार्ग में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में 28 जुलाई को विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र के आयोजन की स्वीकृति दी गई। बैठक के बाद कैबिनेट सचिवालय के प्रधान सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने बताया कि 16वें विधानसभा के छठे सत्र की स्वीकृति दी गई है। वहीं पूर्व की सरकार में 28 जुलाई से मानसून सत्र के आयोजन के फैसले को भी निरस्त कर दिया गया है। विश्वासमत को लेकर जदयू के मुख्य सचेतक श्रवण कुमार और भाजपा के मुख्य सचेतक अरुण कुमार सिन्हा की ओर से विह्प जारी किया गया है।


पहली बार एक मंत्री ने ली शपथ

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक अणे मार्ग में हुई नयी राज्य कैबिनेट की बैठक में मात्र एक मंत्री सुशील कुमार मोदी शामिल हुए। इसका कारण था कि मुख्यमंत्री के अलावा कैबिनेट सदस्य के रूप में सिर्फ सोशील मोदी ने ही शपथ ली है। बताया जा रहा है कि बिहार में इस तरह का पहला मौका है जब मुख्यमंत्री के साथ एक ही मंत्री ने ली शपथ ली।



प्रधानमंत्री ने दी शुभकामना 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री ट्वीट कर नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी को नयी सरकार के गठन पर शुभकामना दी है और विश्वास व्यक्त किया है कि दोनों मिलकर बिहार के विकास और खुशहाली के लिए और बेहतर काम करेंगे। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार से समझौता नहीं होगा। मुझे विश्वास है कि केंद्र के सहयोग से राज्य में विकास को और गति मिलेगी। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें