ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनाफौजी रिकेश की हत्या से धोबहां का माहौल गमगीन

फौजी रिकेश की हत्या से धोबहां का माहौल गमगीन

भोजपुर के धोबहां गांव निवासी फौजी रिकेश कुमार सिंह की हत्या से गांव में मातम पसर गया। सोमवार की अहले सुबह हत्या की सूचना मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। महिलाओं की चीत्कार से पूरे मोहल्ले व गांव...

फौजी रिकेश की हत्या से धोबहां का माहौल गमगीन
हिन्दुस्तान टीम,पटनाMon, 25 Sep 2017 11:55 PM
ऐप पर पढ़ें

भोजपुर के धोबहां गांव निवासी फौजी रिकेश कुमार सिंह की हत्या से गांव में मातम पसर गया। सोमवार की अहले सुबह हत्या की सूचना मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। महिलाओं की चीत्कार से पूरे मोहल्ले व गांव का माहौल गमगीन हो उठा। रिकेश के घर समेत मोहल्ले के कई घरों में सोमवार की सुबह चूल्हे नहीं जले। पूरे गांव में दशहरा का उत्साह फीका पड़ गया। दशहरे की चल रही तैयारी थम गयी। मनहूस खबर मिलते ही गांव के लोग घटना की पूरी जानकारी लेने में जुट गये। इसके लिए ग्रामीण सुबह से रिकेश के दरवाजे पर पहंुचने लगे। हालांकि फौजी के चाचा राजेंद्र सिंह व सरोज सिंह सुबह ही दानापुर के लिए निकल गये थे। इससे दरवाजे पर सन्नाटा पसरा हुआ था। घर के अंदर से सिर्फ महिलाओं के रोने की आवाज आ रही थी। ऐसे में गांव के लोगों को घटना की पूरी जानकारी नहीं मिल पा रही थी। पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि अहले सुबह ही फौजी रिकेश की हत्या की सूचना मिली। इससे पूरे गांव के लोग सन्न रह गये। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या क्यों की गयी। मालूम हो कि सोमवार की अहले सुबह पटना के दानापुर में फौजी रिकेश कुमार सिंह के दोस्त संतोष कुमार ने गोली मार दी। बाद में खुद को भी गोली मार ली। इसमें दोनों की मौत हो गयी। रिकेश सिंह बिहार रेजिमेंट दानापुर में रेकार्ड रूम में तैनात था। धोबहां गांव निवासी फौजी रिकेश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके पिता विजय सिंह फौज से रिटायर होने के बाद भोपाल में रेलवे में नौकरी करते हैं। बेटे की नौकरी लगने के बाद धूमधाम से उसकी शादी करने की तैयारी में थे। शादी की बात भी चल रही थी। हालांकि अभी तक शादी तय नहीं हो पायी थी। इसी बीच उसकी हत्या कर दी गयी। ऐसे में विजय सिंह के बेटे की शादी की तमन्ना अधूरी रह गयी। पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि रिटायर्ड फौजी विजय सिंह को एक पुत्र व दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी पिंकी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी अभी पढ़ाई कर रही है। करीब दो साल पहले रिकेश की फौज में नौकरी लगी थी। धोबहां निवासी रिकेश सिंह का पूरा परिवार देश की सेवा कर चुका है। उसके पिता व चाचा भी फौज में काम कर चुके हैं। पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि रिकेश सिंह के पिता विजय सिंह रिटायर होने के बाद एमपी के भोपाल में रेलवे में नौकरी कर रहे हैं। उनका पूरा परिवार भोपाल में ही रहता है। वहीं रिकेश के चाचा जनार्दन सिंह भी सेना में रह चुके हैं। फिलहाल वे गया में नौकरी कर रहे हैं। अपने पिता व चाचा की राह पर चलते हुए रिकेश भी फौज में शामिल हो गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें