ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनाबिहार बोर्ड ने 10 दिन में ही तैयार कर दिया प्रियंका का प्रमाणपत्र

बिहार बोर्ड ने 10 दिन में ही तैयार कर दिया प्रियंका का प्रमाणपत्र

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति भले ही अन्य छात्रों के मूल प्रमाण पत्र को तैयार करने में छह महीने का समय ले। लेकिन छात्रा प्रियंका सिंह के लिए समिति ने मात्र दस दिन में मैट्रिक 2017 का मूल प्रमाण पत्र...

बिहार बोर्ड ने 10 दिन में ही तैयार कर दिया प्रियंका का प्रमाणपत्र
कार्यालय संवाददाता ,पटना Mon, 23 Oct 2017 02:09 AM
ऐप पर पढ़ें

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति भले ही अन्य छात्रों के मूल प्रमाण पत्र को तैयार करने में छह महीने का समय ले। लेकिन छात्रा प्रियंका सिंह के लिए समिति ने मात्र दस दिन में मैट्रिक 2017 का मूल प्रमाण पत्र तैयार कर दिया। इतना ही नहीं मूल अंक पत्र और मूल प्रमाण पत्र को सहरसा जिला शिक्षा कार्यालय को भी भेज दिया गया है। सोमवार को प्रियंका सिंह को जिला शिक्षा कार्यालय से ही अंक पत्र और प्रमाण पत्र दिये जायेंगे। 
समिति ने विशेष दूत से भेजा प्रमाण पत्र, दी विशेष सुविधा : छात्रा प्रियंका सिंह को अंक पत्र और प्रमाण पत्र जल्द से जल्द दिया जाए, इसके लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सहरसा जिला शिक्षा कार्यालय में विशेष दूत के माध्यम से अंक पत्र और प्रमाण पत्र भेजा। प्रियंका सिंह को स्कूल में नहीं बल्कि डीईओ कार्यालय में ही प्रमाण पत्र दिये जायेंगे। इसके लिए सोमवार को स्कूल के प्राचार्य देवपाल सिंह को प्रमाण पत्र रिसीव करने के लिए डीईओ कार्यालय बुलाया गया है। प्रियंका के पिता राजीव कुमार सिंह ने बताया कि डीईओ कार्यालय में प्राचार्य द्वारा प्रमाण पत्र रिसीव करने के बाद मुझे दिया जायेगा। इसके लिए सोमवार को बुलाया गया है। 
18 को हाईकोर्ट में प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी दी गई थी : हाईकोर्ट के आदेश पर समिति ने 18 अक्टूबर को ही प्रियंका सिंह के मूल अंक पत्र और मूल प्रमाणपत्र की फोटोकॉपी पटना हाईकोर्ट के समक्ष पेश किया था। वहीं मूल प्रमाण पत्र को नियमानुसार जिला शिक्षा कार्यालय, सहरसा भेज दिया गया है। प्रियंका सिंह के वकील रतन कुमार ने बताया कि हाईकोर्ट में 18 अक्टूबर को प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी दी गई थी। 
सेंटअप परीक्षा में टॉपर रही थी प्रियंका : प्रियंका सिंह 10वीं के सेंटअप परीक्षा में टॉपर रही थी। सेंटअप परीक्षा में उसे हर विषय में 80 से 90 के बीच अंक आया था। उसने बताया कि मुझे संस्कृत में अब भी कम अंक प्राप्त हुए हैं। मुझे संस्कृत में 90 के ऊपर अंक मिलना चाहिए था। मैंने सारे उत्तर सही लिखे हैं। 
प्रियंका ने कहा-अब दाखिला पाना है चुनौती 
पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को चैंलेज देकर छात्रा प्रियंका सिंह ने अपना मैट्रिक का रिजल्ट प्राप्त कर लिया। दो विषय में अच्छे अंक प्राप्त कर प्रियंका सिंह टॉपर सूची से थोड़ी ही पीछे है। समिति ने एक साथ अंक पत्र और प्रमाण पत्र भी प्रियंका सिंह को दिया है। इसके बाद प्रियंका सिंह के सामने अब वर्तमान सत्र में अगली कक्षा में एडमिशन ले पाना बड़ी चुनौती है। हिन्दुस्तान के साथ बातचीत में प्रियंका सिंह ने कहा कि बिहार बोर्ड ने उसे अंक पत्र और प्रमाण पत्र दोनों ही दिया। लेकिन अब वो कहां पर दाखिला ले। हर कॉलेज और स्कूल में 11वीं में नामांकन समाप्त हो गया है। 
बोर्ड ने दिया नामांकन 
करवाने का आश्वासन
प्रियंका सिंह की आगे की पढ़ाई को लेकर हाईकोर्ट ने भी सवाल उठाये थे। इस पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने कोर्ट को प्रियंका सिंह का नामांकन करवाने का आश्वासन दिया है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें