ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार गयाहाथी, घोड़ा-पाली ,जय कन्हैया लाल की.. से गूंजे मठ-मंदिर

हाथी, घोड़ा-पाली ,जय कन्हैया लाल की.. से गूंजे मठ-मंदिर

शहर के मठ व मंदिरों में मंगलवार की देर रात तक आस्था, श्रद्धा और परंपरा के साथ भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। रात भगवान श्री कृष्ण के जन्म लेते ही ‘हाथी-घोड़ा, पालकी, जय कन्हैया लाल की के...

हाथी, घोड़ा-पाली ,जय कन्हैया लाल की..  से गूंजे मठ-मंदिर
हिन्दुस्तान टीम,गयाWed, 16 Aug 2017 06:06 PM
ऐप पर पढ़ें

शहर के मठ व मंदिरों में मंगलवार की देर रात तक आस्था, श्रद्धा और परंपरा के साथ भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। रात भगवान श्री कृष्ण के जन्म लेते ही ‘हाथी-घोड़ा, पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से मंदिर गूंज उठे। देर रात मंदिर व मठों में चहल-पहल रही। शहर के मंदिरों के अलावा कई स्कूलों में भगवान श्री कृष्ण से जुड़े धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहर के कई मंदिरों को रंग-बिरंगे बल्बों से सजाया गया। शाम बाद मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ आने लगी। भगवान श्री कृष्ण के जन्म होने तक मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे। सोमवार को घरों में श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर श्री कृष्ण की आराधना की थी। गौड़ीय मठ से निकली संकीर्तन यात्रा जन्माष्टमी का सबसे प्रमुख आयोजन जीबी रोड स्थित गौड़ीय मठ में हुआ। विशेष रूप से सजाए गए मठ में सुबह से लेकर भगवान श्री कृष्ण ने जन्म लेने तक कार्यक्रम आयोजित होते रहे। जन्माष्टमी की सुबह मठ नगर संकीर्तन यात्रा निकली। इसमें मठ के प्रमुख बी एस सिद्धांत महाराज अलावा भारी संख्या में शहर के श्रद्धालु शामिल हुए। संकीर्तन यात्रा विष्णुपद मंदिर तक गयी और वहां से फिर वापस मठ लौट आयी। शाम 6 बजे से आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भजन-कीर्तन में श्री कृष्ण पर आधारित भजन और गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। यह कार्यक्रम भगवान श्री कृष्ण के जन्म लेने तक चलता रहा। 11 से रात 1 बजे तक तक श्री कृष्ण लीला पर विस्तृत चर्चा हुई। भगवान को पंच अमृत स्नान कराया गया, राज भोज लगा और आरती के बाद मंदिर की परिक्रमा हुई। श्री कृष्ण के जन्म लेते ही भगवान श्री कृष्ण की जन्माभिषेक पूजा हुई। इसी बीच भगवान श्री गोपाल का श्रद्धालुओं ने दिव्य दर्शन किया। इस्कॉन मंदिर में पेश की गई श्री कृष्ण की आकर्षक झांकी इस्कॉन मंदिर में भी मंगलवार को देर रात श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया गया। यहां मुख्य रूप से शाम पांच बजे से कार्यक्रम आयोजित हुए। भजन-कीर्तन में राधा-कृष्ण की भक्तिगीतों पर श्रद्धालु खूब झूमे। मंदिर के अध्यक्ष जगदीश श्याम दास ने बताया कि शाम में श्री कृष्ण की आकर्षक झांकी पेश की गई। रात श्री कृष्ण के जन्म पर पटाखे फोड़े गए। स्थानीय सहित वृंदावन से आए श्रद्धालु भजन-कीर्तन पर खूब झूमे। इधर, गांधी मैदान में भी भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी महा महोत्सव का आयोजन किया गया। भगवान श्री कृष्ण सेवा संस्थान व मगधवासी की ओर से आयोजित जन्माष्टमी के मौके पर शाम में श्री कृष्ण लीला व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। श्री कृष्ण के उपदेश व गीता पर प्रवचन हुआ। बुधवार को भी वृंदावन (पुलिस लाइन) में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें