ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बिहारशरीफनालंदा में किसान की गोली मारकर हत्या

नालंदा में किसान की गोली मारकर हत्या

नालंदा जिले के नालंदा थाना क्षेत्र के मच्छलडीहा गांव में शनिवार की देर शाम एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बदमाशों ने हत्या कर उसका शव बोरे में बंद कर परवलपुर थाना क्षेत्र में फेंक दिया।...

नालंदा में किसान की गोली मारकर हत्या
हिन्दुस्तान टीम,बिहारशरीफSun, 19 Nov 2017 09:25 PM
ऐप पर पढ़ें

नालंदा जिले के नालंदा थाना क्षेत्र के मच्छलडीहा गांव में शनिवार की देर शाम एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बदमाशों ने हत्या कर उसका शव बोरे में बंद कर परवलपुर थाना क्षेत्र में फेंक दिया। रविवार को उसका शव एक पुल के नीचे से बरामद किया गया। मृतक की पत्नी ने पुराने विवाद में एक दबंग पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक 30 वर्षीय रंजीत कुमार बिहारशरीफ के सोहडीह मोहल्ला का रहने वाला है।

रोज बिहारशरीफ से जाता था मच्छलडीहा

मृतक रंजीत की पत्नी गुड़िया देवी ने बताया है गांव में उनका चार बिगहा पुश्तैनी मकान है। रंजीत रोज गांव आते थे और खेती का काम निपटा कर शाम को घर लौट जाते थे। शनिवार को देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटे तो मोबाइल से संपर्क करने की कोशिश की। पर उनका मोबाइल बंद था। सुबह में आकर गांव में खोजबीन शुरू की तो खेत से कुछ दूर पर खून के निशान व तीन खोखे मिले। स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन करने पर कई जगह खून के निशान व एक जगह पर उनका चप्पल मिला। इधर रंजीत की बाइक पपरनौसा ब्रह्मस्थान के पास बरामद की गयी है।

पुल के नीचे मिली लाश

इधर नालंदा थाना क्षेत्र में खोजबीन चल ही रही थी कि परवलपुर थाना क्षेत्र के कतरुबिगहा-लखनुबिगहा सड़क पर चिमनी भट्ठा के पास एक बोरा ग्रामीणों ने देखा। बोरा एक पुल के नीचे फेंका गया था। ग्रामीणों ने सोचा कि किसी जानवर की लाश होगी। दोपहर तक ग्रामीणों ने उसे हाथ नहीं लगाया। दोपहर बाद ग्रामीणों ने उत्सुकतावश बोरे में खोला तो उसमें से रंजीत की लाश बरामद की गयी। उसकी हत्या गोली मारकर की गयी थी। परवलपुर थाना की पुलिस ने लाश को बरामद कर नालंदा थाना और ग्रामीणों को सूचना दी। शव का पोस्टमार्टम करा परिजन को सौंप दिया गया है।

कुछ महीने पहले एक महिला से हुआ था विवाद

मृतक की पत्नी ने बताया कि छह महीने पहले बैगन तोड़ने को लेकर मणिचक गांव की एक महिला से विवाद हुआ था। उसके बाद दबंग मुन्ना महतो ने रंजीत पर गोलीबारी की थी। गोली की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने उनकी जान बचायी थी। चार महीना पहले इसी स्थान से रंजीत की ट्रैक्टर भी चोरी हो गयी। इसका एफआईआर भी दर्ज करायी गयी थी। मुन्ना कई महीनों से जेल में बंद था। दो दिन पहले ही वह जेल से छूटा था। उन्होंने बताया कि इधर कुछ महीनों से उसके पति तनाव में रहते थे। उसने आरोप लगाया कि मुन्ना ने ही उनके पति की हत्या की है। इधर ग्रामीणों की माने तो उन्होंने शनिवार की शाम गोली चलने की आवाज सुनी थी।

दो खोखा हुआ बरामद

नालंदा के प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल के पास से दो खोखा बरामद हुआ है। खून के निशान भी मिले हैं। उसकी बाइक भी बरामद कर ली गयी है। मृतक के परिजन का बयान दर्जकर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। मामले की छानबीन की जा रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें