ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बिहारशरीफशव यात्रा में जा रहे लोगों को कार ने कुचला, 15 जख्मी

शव यात्रा में जा रहे लोगों को कार ने कुचला, 15 जख्मी

शेखपुरा- बरबीघा एसएच 333ए पर शनिवार को एक राहगीर को धक्का मारकर भाग रहे अल्टो कार के चालक ने फरीदपुर गांव के पास शव यात्रा में शामिल डेढ़ दर्जन लोगों को कुचल डाला। घटना को अंजाम देकर भागने के चक्कर...

शव यात्रा में जा रहे लोगों को कार ने कुचला, 15 जख्मी
हिन्दुस्तान टीम,बिहारशरीफSat, 22 Jul 2017 08:08 PM
ऐप पर पढ़ें

शेखपुरा- बरबीघा एसएच 333ए पर शनिवार को एक राहगीर को धक्का मारकर भाग रहे अल्टो कार के चालक ने फरीदपुर गांव के पास शव यात्रा में शामिल डेढ़ दर्जन लोगों को कुचल डाला। घटना को अंजाम देकर भागने के चक्कर में राजोपुर के पास कार व ट्रक में टक्कर हो गयी। बाद में बरबीघा थाने की पुलिस ने कार को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, घटना से नाराज फरीदपुर गांव के लोगों ने गांव के समीप एसएच को जाम कर दिया। इस दौरान कई वाहनों के चालकों के साथ मारपीट की गयी। छह घायलों को किया गया बिहारशरीफ रेफर :- तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से घायल 15 लोगों में से छह को गंभीर चोटें आयी हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ ले जाया गया है। अन्य घायलों का इलाज बरबीघा अस्पताल में किया जा रहा है। सड़क जाम की सूचना पाकर एसडीओ राकेश कुमार और एसडीपीओ अमित शरण के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसडीओ द्वारा चालक पर कार्रवाई करने और मुआवजा दिये जाने की घोषणा के बाद नाराज लोग शांत हुए। तेज रफ्तार कार ने लोगों को कुचला फरीदपुर गांव के ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही ललन पासवान की मां का निधन हो गया था। शनिवार को शव यात्रा निकाली गई थी। शव यात्रा में 50 से अधिक लोग शामिल थे। इसी दौरान नेमदारगंज में एक राहगीर को धक्का मारकर भाग रहे अल्टो कार के चालक ने शव यात्रा में शामिल लोगों को कुचल दिया। दुर्घटना में ये लोग हुए घायल : कार की चपेट में आने से घायल होने वाले बच्चों में सुमित कुमार, संध्या कुमारी, अनुज कुमार, रामकुंडल पासवान, अंगद कुमार, सुजीत कुमार, अनुज, मनीष, लालबहादुर, विक्रांत, सिक्रांत व बादल और युवाओं में धर्मेन्द्र, सुरेश और धर्मवीर पासवान शामिल हैं। घायलों में चार बच्चों सहित छह की हालत गंभीर बतायी जाती है। चालक व कर्मी के साथ मारपीट :- फरीदपुर में सड़क जाम के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने बवाल काटा। जाम में फंसे परिवार नियोजन रथ के चालक से मारपीट की और कई यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। इतना ही नहीं रथ के साथ जा रहे सदर पीएचसी के कर्मी सर्वेश्वर कुमार का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। बाद में अन्य ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर मोबाइल लौटाया गया। कर्मी ने बताया कि रथ के चालक के साथ भी मारपीट की गयी। सुरक्षा गार्डों ने श्रम मंत्री के वाहन को निकाला :- सड़क जाम के दौरान ही बिहार सरकार के श्रम संसाधन राज्य मंत्री विजय प्रकाश यादव का वाहन भी पहुंचा। सड़क जाम कर रहे लोगों ने मंत्री के वाहन को भी रोका, परंतु कुछ स्थानीय लोगों की पहल और सुरक्षा गार्डों के कड़े तेवर पर श्रम मंत्री के वाहन को नाराज लोगों ने निकलने दे दिया। मंत्री के वाहन को निकलते देखकर कुछ अन्य वाहन भी जामस्थल से निकलने का प्रयास किया, परंतु लोगों ने इन वाहनों को रोक दिया। दो घंटे तक थम गयी गाड़ियों की रफ्तार: सड़क जाम होने के कारण एनएच पर दो घंटे तक गाड़ियों की रफ्तार थम गयी। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं। खासकर देवघर जाने व वहां से आने वाले तीर्थयात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें