ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भागलपुरजमुई में अपराधियों ने डॉक्टर दंपति को गोली मारी, पत्नी की मौत

जमुई में अपराधियों ने डॉक्टर दंपति को गोली मारी, पत्नी की मौत

बेखौफ अपराधियों ने जमुई के ग्रामीण डॉक्टर और उनकी पत्नी को गोली मार दी। हमले में पत्नी की मौत हो गई वहीं डॉक्टर को गंभीर दशा में पीएमसीएच रेफर किया गया।  खैरा क्षेत्र के सारेबाद गांव में...

जमुई में अपराधियों ने डॉक्टर दंपति को गोली मारी, पत्नी की मौत
निज संवाददाता, खैरा (जमुई)। Fri, 26 May 2017 07:00 AM
ऐप पर पढ़ें

बेखौफ अपराधियों ने जमुई के ग्रामीण डॉक्टर और उनकी पत्नी को गोली मार दी। हमले में पत्नी की मौत हो गई वहीं डॉक्टर को गंभीर दशा में पीएमसीएच रेफर किया गया। 


खैरा क्षेत्र के सारेबाद गांव में बुधवार की देर रात बेखौफ अपराधियों ने ग्रामीण डॉक्टर सुनील कुमार ठाकुर और उनकी पत्नी मालती देवी गो गोली मार दी। इस हमले में मालती की मौत हो गई और सुनील को गंभीर दशा में पीएमसीएच भेजा गया है। मृतका मालती आशा कार्यकर्ता है। पुलिस फौरी तौर पर घटना का कारण पारिवारिक विवाद मान रही है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 


 सुनील ठाकुर पत्नी के साथ सारेबाद गांव में किराए के मकान पर रहकर क्लीनिक चलाते हैं। बुधवार की रात वे लोग क्लीनिक बंद कर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तीन हथियारबंद लोग मुंह पर काली पट्टी बांधकर आए और सुनील तथा उनकी पत्नी को गोली मार दी। सुनील को बायें कंधे में गोली लगी है जबकि मालती देवी को पेट में गोली लग गई। गोली मारने के बाद अपराधी बाइक से भाग निकले। 


इधर, गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गये। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। ग्रामीणों के सहयोग पुलिस दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाई। वहां से दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को पटना रेफर कर दिया। इस बीच मालती की मौत हो गई। वहीं घायल चिकित्सक का इलाज पीएमसीएच में कराया जा रहा है। 


एक आरोपी गिरफ्तार: 
एसपी जयंतकांत ने कहा कि घटना को पुलिस ने पूरी गंभीरता से लिया और तत्काल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास मोबाइल फोन, बाइक और देसी पिस्तौल तथा चार कारतूस बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि बरामद हथियार से ही गोली मारी गयी थी। गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई कांडों में संलिप्त रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अबतक की जांच से प्रतीत होता है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद है। ग्रामीण डॉक्टर सुनील का पहले से ही पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। दोनों पक्ष की ओर से धमकियां भी दी गयी थी। एसपी ने बताया कि शीघ्र ही पूरे मामले का खुलासा होगा। 

 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें