ट्रेंडिंग न्यूज़

आसक्ति में ध्यान कैसे लगेगा?

एक शिष्य ने अपने गुरु से कहा- 'मेरा मन ध्यान में नहीं लग रहा, मैंने बहुत कोशिश की, पर मैं हार गया हूं। आप ही मार्ग बताइए।' गुरुदेव ने उस पर गंभीर दृष्टि डाल कर कहा, 'तुम ठीक कहते हो, यहां...

आसक्ति में ध्यान कैसे लगेगा?
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 30 May 2016 08:58 PM
ऐप पर पढ़ें

एक शिष्य ने अपने गुरु से कहा- 'मेरा मन ध्यान में नहीं लग रहा, मैंने बहुत कोशिश की, पर मैं हार गया हूं। आप ही मार्ग बताइए।' गुरुदेव ने उस पर गंभीर दृष्टि डाल कर कहा, 'तुम ठीक कहते हो, यहां ध्यान लगेगा भी नहीं। चलो, कहीं और चल कर साधना करते हैं। हम आज सायंकाल ही यह स्थान छोड़ देंगे।' सूर्यास्त होने के साथ ही गुरु और शिष्य किसी अन्य स्थान ही ओर चल पड़े। गुरु के हाथ में एक कमंडल था और शिष्य के हाथ में एक झोला था।

गुरु बिल्कुल शांत भाव से चल रहे थे और शिष्य झोले को अत्यंत यत्नपूर्वक संभालते हुए सावधानी से चल रहा था। मार्ग में एक कुआं दिखाई दिया। शिष्य को प्यास लगी। उसने गुरुजी से पानी पीने को कहा। दोनों ने वहां रुककर पानी पिया। फिर शिष्य ने शौच की इच्छा व्यक्त की। उसने बहुत सावधानी के साथ अपना झोला गुरु के पास रखा और शौच के लिए चल दिया। जाते-जाते उसने कई बार झोले की ओर देखा।

जब वह उस स्थान से चला गया और शौच से निवृत्त हुआ ही था कि उसे एक जोरदार आवाज सुनाई दी। ऐसा लगा कि कोई भारी वस्तु कुएं में फेंकी गई है। वह तेजी से दौड़ता हुआ आया और अपना झोला टटोल कर देखा। फिर रुआंसे स्वर में बोला, 'गुरुजी, इसमें सोने की ईंट थी। उसका क्या हुआ?' गुरुदेव ने शांति से जवाब दिया, 'कुएं में चली गई। अब हम भी वहीं लौटकर चलते हैं, जहां से चले थे। अब तुम्हें ध्यान न लगने की चिंता नहीं रहेगी। आसक्ति का मन से पूरी तरह परित्याग किए बिना कोई भी व्यक्ति ईश्वर में मन नहीं लगा सकता।'

अब शिष्य का स्वर्ण के प्रति लगाव मिट चुका था। अब मन एकाग्र होने लगा। मन की खटपट मिटते ही वो ध्यान से जुड़ने लगा। अब मन ध्यान में डूबने लगा।

शिष्य का दिन-ब-दिन प्रभु-चिंतन बढ़ने लगा। वह असीम आनंद और शांति को पा गया। शिष्य ने गुरु के पास जाकर उनके चरणों में बार-बार वंदन किया और कहा, 'हे गुरुदेव! आपकी कृपा से मेरा मन-निर्मल हो गया। आज मैंने स्वर्ण से भी कहीं अधिक, जिसका कोई मोल नहीं है, उस ज्ञान-ध्यान व ईश को पा लिया है।'    
नेहा गाबा

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें