फोटो गैलरी

Hindi News अनोखीकितने भी हों काम हर दिन करें ये व्यायाम

कितने भी हों काम हर दिन करें ये व्यायाम

स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक भोजन के साथ-साथ नियमित व्यायाम भी जरूरी है। भागदौड़ भरी दिनचर्या में हर दिन जिम में जाकर व्यायाम करना थोड़ा मुश्किल होता है। तो क्यों न कुछ आसान से व्यायाम को आप नियमित रूप...

कितने भी हों काम हर दिन करें ये व्यायाम
हिन्दुस्तान फीचर टीम,नई दिल्लीTue, 04 Jul 2017 02:33 PM
ऐप पर पढ़ें

स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक भोजन के साथ-साथ नियमित व्यायाम भी जरूरी है। भागदौड़ भरी दिनचर्या में हर दिन जिम में जाकर व्यायाम करना थोड़ा मुश्किल होता है। तो क्यों न कुछ आसान से व्यायाम को आप नियमित रूप से घर पर ही करें! यह कतई जरूरी नहीं है कि व्यायाम के लिए जिम ही जाया जाए। घर पर ही आप व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर खुद को स्वस्थ रख सकती हैं। 

घुटनों के लिए
प्रतिदिन सीढ़ी से चढ़ना-उतरना घुटनों के लिए बेहतरीन व्यायाम है। इससे घुटने मजबूत होते हैं और शरीर की अतिरिक्त चर्बी भी कम होती है। पैरों की मसल्स को मजबूत करने के लिए एक कुर्सी पर सीधे बैठ जाएं। पहले एक पैर को हवा में सीधा रखें, फिर दूसरे को। बारी-बारी से इस क्रम को बीस-पच्चीस बार दोहराएं। इससे पैरों का दर्द कम होगा और हड्डी मजबूत होगी।

एड़ी के लिए व्यायाम
सीधे खड़े हो जाएं और अपने दोनों हाथों को ऊपर करके  पंजों के बल खड़े हो जाएं। इस प्रक्रिया को दस बार दोहराएं। इसके अलावा टखनों को मजबूत करने के लिए एक कुर्सी पर बैठ जाएं या फिर जमीन पर लेट जाएं। अपने पैरों को कड़ा करके उन्हें ऊपर-नीचे करें। साधारण-सी इस एक्सरसाइज की मदद से आप अपनी एड़ियों की मांसपेशियों को मजबूत कर पाएंगी, जो कि लगातार हाई हील पहनने की वजह से क्रैक होेने लगती हैं।

नियमित पुश अप
कंधों और छाती को स्वस्थ रखने के लिए नियमित तौर पर पुश अप्स करें। इसके लिए जमीन पर घुटनों के बल बैठ जाएं। अपने हाथों को फर्श पर टिकाएं। कंधों को हाथ की चौड़ाई के मुताबिक सीधा रखें और अपने शरीर को नीचे ले जाकर छाती से फर्श को छुएं। फिर शरीर को ऊपर उठाकर सामान्य मुद्रा में आ जाएं। इस क्रम को नियमित तौर पर दस बार करें। व्यायाम करते समय इस बात का खास ध्यान रखें कि इस समय आपकी गर्दन और हाथ सीधे रहें।

हाथों के लिए क्लॉ स्ट्रेच
कई बार अचानक हाथों की उंगलियों में झनझनाहट सी होने लगती है। इसका मतलब है कि आपके हाथों की मांसपेशियां कमजोर हो रही हैं। इससे बचने के लिए अपने हाथों की उंगलियों को टाइट करें और उंगलियों के पोरों से जोड़ों को छूने की कोशिश करें। इस एक्ससरसाइज को करते समय आपके हाथों की उंगलियां पंजे की तरह से लगेंगी। अपनी उंगलियों को इस स्थिति में 30 से 50 सेकेंड तक रहने दें। इस प्रक्रिया को चार बार दोहराएं। इससे आपकी उंगलियों में रक्तसंचार बढ़ेगा, जिससे उसमें होने वाली झनझनाहट और दर्द कम होगा।

पेट की चर्बी कम करने के लिए
जमीन पर पैरों को क्रॉस करके बैठ जाएं। अपने एक हाथ को हिप पर और दूसरे हाथ को घुटनों पर रखें। अपने रीढ़ की हड्डी को मोड़ते हुए अपने कंधों को देखने की कोशिश करें। इस प्रक्रिया के दौरान अपनी सांस को रोककर रखें। जब सामान्य स्थिति में आएं तो सांस छोड़ दें। इस व्यायाम को दाएं-बाएं दोनों तरफ से करें। नियमित तौर पर इसे करने से पेट की चर्बी कम होगी और कमर भी पतली होगी।

आंखों के लिए
शरीर के दूसरे हिस्सों की भांति आंखों को भी स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम की जरूरत होती है। अपनी आंखों को तीन-चार सेकेंड के लिए जोर से बंद करें। छह से सात बार दोहराएं। इसके बाद गरम पानी में तौलिये को भिगोकर उसे अपनी आंखों पर रखें। फिर तौलिये को ठंडे पानी में गीला करके अपनी आंखों पर रखें। इससे आपकी आंखों को आराम मिलेगा।

(फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. शुचि पांडे से बातचीत पर आधारित)
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें