फोटो गैलरी

Hindi News अनोखी अनोखी ऑन लाइनKARVACHAUTH COUNTDOWN DAY2: कैसी चूड़ियां फबेंगी आपकी कलाई पर

KARVACHAUTH COUNTDOWN DAY2: कैसी चूड़ियां फबेंगी आपकी कलाई पर

करवाचौथ का जिक्र हो और चूड़ियाें की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है? इस पर्व से ठीक पहले हर शहर-कस्बे के चूड़ी बाजारों में रौनक नजर आने लगती है। इस साल भी कुछ ऐसा ही नजारा नजर आ रहा...

KARVACHAUTH COUNTDOWN DAY2: कैसी चूड़ियां फबेंगी आपकी कलाई पर
हिन्दुस्तान फीचर टीम ,नई दिल्ली Thu, 05 Oct 2017 02:03 PM
ऐप पर पढ़ें

करवाचौथ का जिक्र हो और चूड़ियाें की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है? इस पर्व से ठीक पहले हर शहर-कस्बे के चूड़ी बाजारों में रौनक नजर आने लगती है। इस साल भी कुछ ऐसा ही नजारा नजर आ रहा है। चूड़ियां भी कई तरह की होती हैं। किस तरह की चूड़ियां आपकी कलाई पर फबेंगी, आइए जानते हैं। 

लाख की चूड़ियां और कड़े
लाख की चूड़ियां हमेशा से ही सदाबहार हैं। इनका चलन सदियों से चला आ रहा है। मीनाकारी और शीशे का काम इन्हें और भी आकर्षक बना देता हैै। त्योहारों पर लाख की चूड़ियां और कड़ों को पहनना महिलाएं बेहद पसंद करती है। लहंगे और साड़ी जैसे पारंपरिक कपड़ों के साथ ये चूड़ियां और कड़े बहुत ही खूबसूरत दिखते हैं। करवाचौथ पर अपने लुक को और आकर्षक बनाने के लिए आप भी लाख की चूड़ियां पहन सकती हैं। बाजार में कई तरह के रंग और डिजाइन में ये चूड़ियां उपलब्ध हैं। 
चूड़ियों पर धागे का कमाल
दूसरों से बिल्कुल अलग नजर आने के लिए आप धागे के वर्क वाली चूड़ियां पहन सकती हैं। इन चूड़ियों पर दो रंगों को मिलाकर धागे का वर्क किया जाता है। ज्यादातर एक रंग गोल्डन या सिल्वर होता है तो दूसरा रंग लाल, मैरून या पीला आदि होता है। इन चूड़ियों को पहनने से हाथ बेहद खूबसूरत दिखते हैं। रेशमी धागों का इस्तेमाल होने के कारण ये चूड़ियां बेहद लचीली भी होती हैं। इन चूड़ियों की सबसे बड़ी खासियत यह होती है कि चूंकि इसमें कुछ भी चुभने वाला नहीं होता है इसलिए ये कपड़ों से उलझती नहीं हैं। इन चूड़ियों को त्योहार के समय आप पूरे दिन भी आसानी से पहनकर रह सकती हैं। 
मेटल और एल्यूमिनियम की चूड़ियां
मेटल और एल्यूमिनियम की चूड़ियां पतली होने के कारण काफी आकर्षक लगती हैं। चाहे आप कोई भी परिधान पहनें, मल्टीकलर होने के कारण ये किसी भी तरह के ड्रेस के साथ अच्छी लगती हैं। बाजार में ये चूड़ियां अलग-अलग रंग और डिजाइन में मिल जाएंगी। खासतौर पर चौकोर और स्टार आकार की ये चूड़ियां पहनने के बाद  बेहद खूबसूरत लगती हैं।  
कांच की चूड़ियां और कड़े
कांच की चूड़ियों का स्वरूप भी दिन-प्रतिदिन बदलता जा रहा है। बाजार में ये ढेरों डिजाइन और रंग मौजूद हैं, जिन्हें आप अपनी ड्रेस के रंग से मैच करके पहन सकती हैं। प्लेन चूड़ियों के साथ नगों और फूल-पत्तियों से सजे कड़े भी आप पहन सकती हैं। इससे हाथों की खूबसूरती बढ़ जाएगी। 
जड़ाऊ चूड़ियां और कड़े
त्योहारों में जड़ाऊ चूड़ियों और कड़ों को ज्यादा पसंद किया जाता है। आजकल एक नग वाली चूड़ियां काफी पसंद की जा रही है। कांच की चूड़ियों के साथ भी ये अच्छी लगती हैं। इसके अलावा नगों और कुंदन के जड़ाऊ कड़ों को भी आप अपने ज्वेलरी बॉक्स की शान बना सकती हैं। नगों वाली मल्टीकलर चूड़ियां भी आजकल चलन में हैं। 
सोने की चूड़ियां
सोने की चूड़ियों को खासकर त्योहारों पर पहनना शुभ माना जाता है। लेकिन इस ट्रेंड में भी अब काफी बदलाव आ चुका है। सोने की चूड़ियों में आजकल एंटीक, डायमंड,वाइट गोल्ड और नगों का काम काफी पसंद किया जाने लगा है।

चलो कुछ क्रिएटिव हो जाएं
यदि आप करवाचौथ पर कुछ क्रिएटिव करना चाहती हंै तो घर पर खुद ही चूड़ियां बना सकती हैं। इसके लिए रेशमी धागा या ऊन लेकर चूड़ी की गोलाई मे लपेट लें। धागे को इस तरह लपेटें कि चूड़ी का अंदर का हिस्सा नजर न आए। साथ ही आप चूड़ी पर मोती या नग चिपका कर उसे सजा भी सकती हैं। आप अपने ड्रेस से मैच करती हुई चूड़ी भी बना सकती हैं।

चूड़ियों में रंगों का महत्व
हरे रंग की चूड़ियां पेड़ की पत्तियों की तरह ही अपनी छांव से खुशहाली प्रदान करती हैं। इसे सौभाग्य का प्रतीक भी माना जाता है। चूड़ियों में लाल रंग ऊर्जा और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। पीला रंग प्यार और खुशी का, संतरी रंग सफलता का और सिल्वर रंग शक्ति का प्रतीक माना जाता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें